नियम पालन की बनी सीख:
पुलिस लाइन उरई में रविवार को यातायात माह समापन कार्यक्रम प्रभावी रूप से आयोजित किया गया, जिसमें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की सीख प्रमुख रही।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह एवं विशिष्ट अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा रहे। मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर समारोह की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में यातायात जागरूकता अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, समाज सेवियों और यातायात पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत, नुक्कड़ नाटक और सड़क सुरक्षा पर आधारित आकर्षक मंचन ने उपस्थित जनों को प्रभावित किया। जीवन ज्योति चंद्र कमल एकेडमी, रामश्री पब्लिक स्कूल, विवेकानंद ग्लोबल स्कूल कोंच तथा फाउन्टेनहैड पब्लिक स्कूल की प्रस्तुतियाँ विशेष रूप से सराही गईं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार सिंह ने कहा कि नवंबर माह में जनपद भर में स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को यातायात नियमों का पालन कराने हेतु व्यापक अभियान चलाया गया।उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है जिसे सबको निभाना चाहिए। अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि सड़क हादसे महज़ आंकड़े नहीं, बल्कि किसी का जीवन, परिवार और भविष्य होते हैं। इसलिए नियमों का पालन आदत में शामिल होना चाहिए। पुलिस उपाधीक्षक यातायात अर्चना सिंह ने कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करना हमारा कानूनी व नैतिक दोनों दायित्व है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. ममता स्वर्णकार ने किया। समापन में भदौरिया क्लासेस के संचालक आकाश और अंशुल द्वारा मुख्य अतिथियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पत्रकारों, समाजसेवियों, ट्रैफिक कर्मियों, ई-रिक्शा एवं बस यूनियन सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार वर्मा, कालपी क्षेत्राधिकारी, माधौगढ़, क्षेत्राधिकारी अंबुज कुमार, जालौन क्षेत्राधिकारी शैलेन्द्र बाजपेई, यातायात प्रभारी वीर बहादुर सिंह गुड सेमेरिटन अलीम सर, लक्ष्मण दास बाबानी, महावीर तरसौंलिया, अशोक राठौर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश