सहारनपुर में हाई-अलर्ट चेकिंग, शहर से लेकर बॉर्डर तक कड़ा पहरा
सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी के निर्देशन में जनपद स्तर पर एक व्यापक एवं सुदृढ़ नाकाबंदी अभियान चलाया गया। वर्तमान परिस्थितियों और संभावित अपराधों की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस विशेष चेकिंग अभियान में जनपद के नगर क्षेत्र, ग्रामीण क्षेत्र तथा सभी अंतरजनपदीय व अंतर्राज्यीय सीमाओं पर एक साथ कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए।
जानकारी के अनुसार दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक पूरे एक घंटे जनपद की सीमाओं को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने सड़क मार्गों, मुख्य चौराहों, संवेदनशील स्थानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रवेश मार्गों पर बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं उनकी गतिविधियों की गहन जांच-पड़ताल की। तलाशी के दौरान यातायात व्यवस्था को भी सख्ती से नियंत्रित किया गया।
अभियान में आधुनिक तकनीक का भी व्यापक उपयोग किया गया। संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी गई, वहीं सीसीटीवी फुटेज और इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर विभिन्न बिंदुओं पर पुलिस बल को तैनात किया गया। थाना स्तर से लेकर जनपद स्तर तक की कई टीमें इस अभियान में शामिल रहीं और आपसी समन्वय के माध्यम से चेकिंग को और अधिक प्रभावी बनाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य अपराधियों में दहशत उत्पन्न करना और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है, ताकि आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें। अधिकारियों के अनुसार जनता का विश्वास बढ़ाने तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़