अकरम खान पटेल की रिपोर्ट।
आमला सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण के प्रति समर्पित बैंक ऑफ इंडिया अपने ग्राहकों को उत्कृष्ट सेवाएँ देने के साथ-साथ समाज हित में भी निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को आमला के सुदूर ग्रामीण अंचल भीमसेन ढाना स्थित प्राथमिक विद्यालय में पहली से पाँचवीं तक के सभी बच्चों को स्वेटर, स्कूल बैग, जूते व मोजे वितरित किए गए। ठंड के मौसम में यह उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से बोरदही थाना प्रभारी राधेश्याम वट्टी, आरपीएफ आमला के सब इंस्पेक्टर शिवराम सिंह, बैंक ऑफ इंडिया आमला शाखा प्रबंधक प्रीति डिगरसे उपस्थित रहीं। इसके साथ ही मनोज वाधवा, अभिलाष डिगरसे, राजेश चंद्रवंशी (कैशियर), अमोल बागड़े, सन्नी चौहान, कृष्णा सोनी, समाजसेवी मनोज विश्वकर्मा तथा विद्यालय के शिक्षक बल्लू महोबे, दिनेश बिसंदरें भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के संदर्भ में मनोज वाधवा ने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया समय-समय पर जनकल्याणकारी गतिविधियाँ आयोजित करता रहा है और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव आगे रहता है।
थाना प्रभारी राधेश्याम वट्टी ने इस पहल को अत्यंत प्रेरणादायी बताया और कहा कि बैंक का यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए अद्वितीय उपहार है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर शिवराम सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बच्चों को अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
अपने उद्बोधन में शाखा प्रबंधक प्रीति डिगरसे ने बच्चों से कहा— “हमारा दिया हुआ यह उपहार तभी सार्थक होगा जब आप नियमित रूप से स्कूल आएँगे और अच्छे अंक लाकर हमें बताएँगे।”
उपहार मिलते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। उन्होंने एक स्वर में कहा कि अब उन्हें ठंड नहीं लगेगी और वे रोज स्कूल आकर पढ़ाई करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी मौजूद रहे।