दुद्धी सोनभद्र। कृषि मंडी समिति के पीसीएफ और एससीएफ के दो धान क्रय केंद्रों का गुरुवार को उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने निरीक्षण किया। उन्होंने खरीदी में आई कमज़ोरी, स्टॉक रजिस्टर, किसानों के लिए बैठने और पानी की व्यवस्था की समीक्षा की।
धान क्रय केंद्र अधिकारियों द्वारा बताया गया कि नियम के अनुसार पहले कॉमन धान की खरीदी करना आवश्यक है, जबकि अधिकांश किसान हाइब्रिड धान लेकर आ रहे हैं, जिसकी खरीद सीमित मात्रा में होनी है। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि कॉमन धान की खरीद का लक्ष्य पूरा होने के बाद ही हाइब्रिड धान की खरीदारी शुरू की जाएगी।
जिले के बजाय हर क्रय केंद्र के अलग लक्ष्य निर्धारित होने से किसानों की आवक कम हो रही है। निरीक्षण में बताया गया कि पीसीएफ केंद्र पर 12 कुंतल और एससीएफ केंद्र पर 70 कुंतल धान खरीदी गई है। मशीन खराबी सहित कई समस्याएं खरीदी में बाधा बन रही हैं, लेकिन लक्ष्य निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाएगा।
धान का मूल्य ग्रेड कॉमन के लिए 2369 और ग्रेड ए के लिए 2389 प्रति कुंतल तय है। दुद्धी के धान क्रय केंद्र 1 नवंबर से 28 फरवरी 2026 तक संचालित रहेंगे।
एसडीएम ने किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक धान सरकारी केंद्रों पर बेचें और किसी भी असुविधा की स्थिति में सीधे संपर्क करें। उन्होंने पड़ोसी राज्यों में धान की तस्करी को लेकर कड़ी कार्रवाई का भी भरोसा दिलाया है।
इस दौरान मार्केटिंग इंस्पेक्टर अशोक सिंह और मंडी निरीक्षक बबन राम दशरथ भी मौजूद रहे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह