सहारनपुर बेहट तहसील से बड़ी खबर
थाना मिर्जापुर की कासिमपुर पुलिया पर गोलियां चलीं, 25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल
जनपद सहारनपुर के थाना मिर्जापुर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गौकशी के मुकदमे में वांछित और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
घटना 15 दिसंबर 2025 की रात की है, जब चौकी प्रभारी बादशाही बाग सचिन त्यागी पुलिस टीम के साथ मिर्जापुर से बादशाहीबाग जाने वाले मार्ग पर कासिमपुर पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे । इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान शौकीन पुत्र शकील, निवासी ग्राम रायपुर, थाना मिर्जापुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक शौकीन के खिलाफ गौकशी, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल अभियुक्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि फरार बदमाश की तलाश में पुलिस द्वारा कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी हैं
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़