दुद्धी सोनभद्र। भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दुद्धी में भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती एवं जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर विभिन्न साहित्यिक एवं अकादमिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। महाविद्यालय प्रशासन ने इसके लिए विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर दिया है।
कार्यक्रम के अनुसार 18 दिसंबर 2025 को दो प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। पहला कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से सुशासन के महत्त्व विषय पर भाषण प्रतियोगिता का होगा, जिसका उद्देश्य छात्रों को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की नीतियों, आदर्शों एवं सुशासन की अवधारणा से परिचित कराना है। इसके तुरंत बाद दोपहर 1 बजे से भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन एवं उनकी प्रमुख कविताओं पर आधारित एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता कराई जाएगी, जिसमें छात्र-छात्राएं अटलजी की रचनाओं और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालेंगे।
इसी क्रम में 19 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे से “भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी एवं सुशासन” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सभी प्रतियोगिताएं महाविद्यालय परिसर में कक्ष संख्या 11 में संपन्न होंगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामसेवक सिंह यादव ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में सुशासन, राष्ट्रीय चरित्र, सुचिंतित राजनीतिक दृष्टि तथा अटल बिहारी वाजपेयी जी के जीवन मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है।
सोनभद्र/दुद्धी( विवेक सिंह)