जनकल्याणकारी कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश
आहवा में आयोजित हुई प्रभारी मंत्री की समीक्षा बैठक
SIR कार्यक्रम अंतर्गत डांग जिले में 100 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूर्ण होने पर प्रशासन को बधाई
जाकिर ज़ंकार | आहवा | दिनांक : 18 राज्य स्तरीय मंत्री एवं डांग जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. जयाराम गामित की अध्यक्षता में आज जिला कलेक्टर कार्यालय, आहवा में विकेंद्रीकृत जिला योजना कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने तालुका एवं ग्रामीण स्तर के सभी महत्वपूर्ण विकास कार्यों को बिना किसी विलंब के पूर्ण करने हेतु स्पष्ट निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि वर्ष 2023–24 की योजना के अंतर्गत सड़क, बिजली एवं बोरवेल से संबंधित कार्य जो मानसून से पूर्व पूर्ण होने चाहिए, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों एवं आंगनवाड़ियों की भूमि सरकार के अधीन है या नहीं, इसकी जांच कर स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित कर भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्यालयों एवं आंगनवाड़ियों में संपूर्ण स्वच्छता सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
प्रभारी मंत्री ने जिले के सभी विभागों द्वारा 100 प्रतिशत अनुदान उपयोग, सरकारी आवास योजनाओं में समय पर किश्तों का भुगतान, तथा जिले में संचालित सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाना चाहिए। साथ ही अधिकारियों को समय-समय पर फील्ड विजिट कर कार्यों की प्रत्यक्ष जांच करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने जिले में चल रहे, लंबित तथा आगामी विकास कार्यों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर गुजरात विधानसभा के उप मुख्य सचेतक श्री विजयभाई पटेल ने भी बैठक में विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक सुझाव दिए।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के लिए घोषित स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत डांग जिले में 100 प्रतिशत गणना प्रपत्रों (EF Digitized) का डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया है। इस उपलब्धि पर प्रभारी मंत्री ने डांग जिला कलेक्टर सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र को हार्दिक बधाई दी।
आहवा में आयोजित इस समीक्षा बैठक में गुजरात विधानसभा के उप मुख्य सचेतक श्री विजयभाई पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निर्मलाबेन गाइन, जिला कलेक्टर सुश्री शालिनी दुहान, जिला विकास अधिकारी श्री के.एस. वसावा, प्रायोजना प्रशासक श्री आनंद पाटील, उप वन संरक्षक श्री मुरारीलाल मीणा, सहित जिले के विभिन्न विभागों के क्रियान्वयन अधिकारी उपस्थित रहे और चर्चा में भाग लिया।