दुद्धी सोनभद्र। कस्बे के रामनगर स्थित मुख्य मार्ग पर पवन जौहरी की शिखा अलंकार ज्वेलर्स’ दुकान पर बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का फायदा उठाकर चोरों ने शटर तोड़कर करीब 3 लाख रुपये के आभूषण चुरा लिए। बताया जा रहा है कि चोरों ने डेढ़ किलो चांदी और 1 ग्राम सोना चोरों ने चोरी कर लिया। इस घटना ने पूरे कस्बे में दहशत फैला दी है।
शनिवार सुबह मोहल्लेवासियों ने दुकान का शटर खुला देखा और दुकान मालिक पवन जौहरी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पवन ने टूटा ताला और बिखरा सामान देख स्तब्ध रह गए। दुकानदार की तहरीर पर डायल 112 की टीम के साथ प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह फोर्स सहित पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, साक्ष्य संग्रहित किए और उच्चाधिकारियों को सूचना दी। फॉरेंसिक टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंची।
प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मामला गंभीर है। जांच तेजी से चल रही है और जल्द खुलासा होने की उम्मीद है।
उधर, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि दुद्धी में हाल ही में एक दर्जन से ज्यादा चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस गश्त की कमी इन घटनाओं को बढ़ावा दे रही है। किसी भी मामले में अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई, जो पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)