हजारीबाग समाहरणालय में सोमवार को उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठकों का दौर चला, जिसमें विकास कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
हजारीबाग: उपायुक्त ने खनन टास्क फोर्स की बैठक में जिले के भीतर अवैध खनन और परिवहन पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को नियमित छापेमारी करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि नवंबर माह में कार्रवाई के दौरान कई वाहनों को जब्त किया गया और संचालकों से लाखों रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा परिवहन नियमों के उल्लंघन और ओवरलोडिंग के मामलों में भी भारी जुर्माना वसूला गया है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी चेक पोस्टों को सक्रिय रखा जाए ताकि अवैध गतिविधियों पर पूर्ण विराम लग सके।
इसी क्रम में डीआरडीए निदेशक श्रीमती मां देव प्रिया की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें विभिन्न विभागों के बीच आपसी तालमेल की कमी के कारण रुके हुए कार्यों को गति देने पर चर्चा की गई। बैठक में जनता दरबार और पीजी पोर्टल की शिकायतों के त्वरित समाधान सहित जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्रों को जल्द निर्गत करने का निर्देश दिया गया। साथ ही स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं जैसे बिजली और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के आवेदनों का शीघ्र निपटारा करने पर जोर दिया गया।
दूसरी ओर हजारीबाग के कर्जन स्टेडियम में प्रमंडलीय स्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के सात जिलों के युवाओं ने सांस्कृतिक और साहित्यिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। लोकनृत्य में रामगढ़, लोकगीत में गिरिडीह और चित्रकला में हजारीबाग के सुचित कुमार ने बाजी मारी। कविता लेखन में कोडरमा के रोहित और भाषण प्रतियोगिता में हजारीबाग के आर्यन बादल प्रथम स्थान पर रहे। इस महोत्सव के विजेता प्रतिभागी अब 27 दिसंबर से रांची में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय महोत्सव में प्रमंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।