मोहल्ले वासियों ने प्रशासन से लगाई गुहार, बंदर पकड़वाने की मांग
फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। कस्बे के मोहल्ला ठाकुर द्वारा स्थित नखासे वाले बाग क्षेत्र में इन दिनों बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों के झुंड के हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिनके हाथ की हड्डी टूट गई। घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला ठाकुर द्वारा निवासी पुष्पेंद्र सिंह की पत्नी सचि घर में खाना बनाने के बाद कपड़े सुखाने के लिए बाहर जा रही थीं। इसी दौरान अचानक बंदरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक्स-रे रिपोर्ट में उनके हाथ की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने महिला के हाथ में प्लास्टर कर दवाइयां दी हैं।
स्थानीय निवासियों एवं भाजपा नेता दीपक तोमर तथा प्रमुख समाजसेवी दुर्गा पाल सिंह ने बताया कि नखासे वाले बाग क्षेत्र में अचानक दर्जनों बंदरों का झुंड आ गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बंदर अब तक कई राहगीरों और मोहल्ले के लोगों को काट व घायल कर चुके हैं। हालात इतने भयावह हो गए हैं कि छोटे बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने में भी परिजन डरे हुए हैं और उन्हें मुख्य मार्ग की बजाय अंदरूनी गलियों से होकर ले जाना पड़ रहा है।
दुर्गा पाल सिंह ने बताया कि उनके छोटे भाई उपेंद्र सिंह की जनरल स्टोर की दुकान में बंदर बार-बार घुस जाते हैं और दुकान में रखा सामान उठा ले जाते हैं। यही स्थिति अन्य घरों की भी है, जहां बंदर रोटियां और खाने-पीने का सामान लेकर भाग जाते हैं।
बंदरों के बढ़ते आतंक से परेशान होकर भाजपा नेता दीपक तोमर, शीलू चौहान, जगत सिंह उर्फ सनी, अखिल गोस्वामी, कैलाश, अजय रावत, अंकित सिंह, डॉ. मुदित प्रताप सिंह, जयवीर सिंह सहित मोहल्ले के कई लोगों ने फतेहगंज पश्चिमी के अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र राठौर एवं नगर पंचायत चेयरमैन इमराना बेगम को ज्ञापन सौंपकर बंदरों को पकड़वाने की मांग की।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र राठौर ने लोगों को शीघ्र ही बंदर पकड़वाने का आश्वासन दिया है।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली