ITN National

इंडियन टीवी न्यूज

Advertisement

राजकीय मेडिकल कॉलेज में पेशेंट डाइट किचन का जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन,मरीजों को मिलेगा शुद्ध एवं संतुलित भोजन, गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता

```

सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सोमवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में नव-निर्मित पेशेंट डाइट किचन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज की प्रगति का भी निरीक्षण किया। डाइट किचन के उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मरीजों एवं उनके तीमारदारों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए संतुलित एवं गुणवत्तापूर्ण आहार अत्यंत आवश्यक है। डाइट किचन के संचालन से मरीजों को शुद्ध भोजन सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगा। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि राजकीय मेडिकल कॉलेज में निरंतर सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। यह कॉलेज शासन की प्राथमिकता में शामिल है और आमजन के बीच इसकी छवि सकारात्मक रूप से विकसित हो रही है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नर्सिंग कॉलेज की कार्यदायी संस्था सिडको को फिनिशिंग से संबंधित सभी कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानाचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज को निर्देशित किया कि कार्य पूर्ण होने एवं सभी कमियों के निवारण के बाद ही भवन का हैंडओवर लिया जाए। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार से प्रशासनिक भवन तक निर्मित सड़क की गुणवत्ता में सुधार के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, प्रधानाचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज डॉ. सुधीर राठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *