रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
मुरैना थाना माताबसैया क्षेत्र में ट्रेक्टर चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया ट्रेक्टर व अवैध हथियार बरामद किया है।
फरियादी अतर सिंह राजपूत पुत्र मुन्शीलाल राजपूत ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका लाल रंग का मैसी 241 ट्रेक्टर घर के बाहर टीन शेड में खड़ा था। अगले दिन सुबह करीब 05 बजे जागने पर देखा तो टीन शेड की तार फेंसिंग कटी हुई थी और ट्रेक्टर मौके से गायब था। अज्ञात चोर रात के समय ट्रेक्टर चोरी कर ले गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान दिनांक 06.01.2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तिवारी का पुरा से चोरी किया गया ट्रेक्टर ग्राम नाकापुरा रोड से टेकरी मालनपुर हाईवे की ओर से मुरैना लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर चेकिंग लगाकर ट्रेक्टर को रोका और चालक व उसके साथी को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ट्रेक्टर चोरी की घटना स्वीकार की।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 315 बोर का एक अवैध कट्टा एवं 04 जिंदा राउंड बरामद किए गए, जिनके संबंध में कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया मैसी 241 ट्रेक्टर क्रमांक MP06AA8117 एवं अवैध हथियार जब्त किया।
जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।