दुद्धी सोनभद्र। दुद्धी विकासखंड के विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली जोरुखाड़ सोननगर टोला में कड़ाके की ठंड और शीतलहर से जूझ रहे निवासियों को भाजपा नेता सुरेंद्र अग्रहरि ने कम्बल वितरित कर राहत पहुंचाई। बर्फीली हवाओं और गलन भरी रातों में ठंड से कांपते लोगों के बीच यह पहल सराहनीय रही।
इस पिछड़े टोले में मूलभूत सुविधाओं का पूर्ण अभाव है। लोग नाले का गंदा पानी पीने को मजबूर हैं, न बिजली है और न सोलर लाइट। अगरिया, भुइयां, गौड़, पनिका, मौर्या, घसिया व हरिजन समुदायों के ये निवासी गरीबी व वंचना की जिंदगी काट रहे हैं। सुरेंद्र अग्रहरि ने वृद्धजनों, महिलाओं व बच्चों को प्राथमिकता देते हुए कम्बल बांटे। उन्होंने कहा, “टोले की दयनीय स्थिति देखकर यह निर्णय लिया। हमारी सरकार विकास के संकल्प पर अडिग है, लेकिन स्थानीय स्तर पर ऐसी पहलें जरूरी हैं।”
निवासियों ने अन्य समस्याएं भी बताईं, जैसे पीने के पानी की कमी, बिजली आपूर्ति व सड़क सुधार। अग्रहरि ने आश्वासन दिया कि ये मुद्दे उच्च अधिकारियों तक पहुंचाए जाएंगे। टोला निवासी रमेश गौड़ ने कहा कि कम्बल से ठंड की मार कम होगी, लेकिन हैंडपंप व बिजली जैसे स्थायी समाधान चाहिए।
वृद्धा सुशीला देवी भावुक होकर बोलीं कि रातें काली व ठंडी कटती हैं, कम्बल ने थोड़ी राहत दी।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान विमल यादव व जितेंद्र अग्रहरि उपस्थित रहे। विमल यादव ने कहा कि सुरेंद्र जी की यह पहल ग्रामीणों के लिए वरदान है। हम मिलकर विकास सुनिश्चित करेंगे।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)