स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिए प्रशासन के साथ मिलकर काम करेगा एसबीएफ, अधिकारियों को भेंट किया नववर्ष का कैलेंडर
नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
हजारीबाग। नववर्ष के उमंग और उत्साह के बीच सामाजिक संस्था सोसाइटी फॉर ब्राइट फ्यूचर (एसबीएफ) ने हजारीबाग के प्रशासनिक और स्वास्थ्य महकमे के शीर्ष अधिकारियों के साथ सौजन्य मुलाकात कर जनहित में साथ चलने का संकल्प लिया। संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक और नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त से मिलकर उन्हें नववर्ष की बधाई दी और संस्था का वार्षिक कैलेंडर भेंट किया।
इस शिष्टाचार भेंट की अगुवाई एसबीएफ के झारखंड सह-संयोजक मो. अयातुल्लाह इरफान और हजारीबाग क्षेत्र संयोजक कामिल अख्तर ने की। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मेडिकल कॉलेज द्वारा दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और नगर निगम द्वारा शहर में चलाए जा रहे स्वच्छता व विकास कार्यों की सराहना की। संस्था के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नए वर्ष में प्रशासनिक प्रयासों से हजारीबाग की जनता को और अधिक उन्नत और सुगम सुविधाएं प्राप्त होंगी।
इस अवसर पर सोसाइटी फॉर ब्राइट फ्यूचर ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए स्पष्ट किया कि संस्था केवल शुभकामनाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी। संस्था का उद्देश्य है कि प्रशासनिक सहयोग के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सुधार की किरण पहुंचाई जा सके।