इंडियन टीवी न्यूज सुशील चौहान जिला ब्यूरो चीफ
सिवनी:क्षेत्र संचालक पेंच टाईगर रिजर्व सिवनी द्वारा जानकारी देकर बताया गया कि विगत 02 फरवरी की रात्रि में ग्रामवासियों द्वारा दक्षिण सिवनी वनमंडल एवं पेंच टाइगर रिज़र्व,सिवनी के वन अमले को सूचना दी गई कि दक्षिण वनमंडल सिवनी के राजस्व ग्राम गोरखपुर में कृषि भूमि के समीप स्थित एक छोटे मंदिर के पास दो बाघ शावक देखे गए हैं।
सूचना मिलते ही वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा।जिज्ञासावश एकत्रित भीड़ को नियंत्रित करते हुए जब स्थल का निरीक्षण किया गया तो पाया गया कि दोनों बाघ शावक लगभग 7–8 माह के, भयभीत एवं अत्यधिक कमजोर अवस्था में हैं तथा उन्हें तत्काल गहन देखभाल की आवश्यकता है।बाघ शावकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बिना किसी ट्रैंक्विलाइज़ेशन के रात्रि लगभग 2:30 बजे दोनों शावकों को दो अलग-अलग पिंजरों में सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया गया। इसके पश्चात उन्हें पेंच टाइगर रिज़र्व स्थित पशु चिकित्सालय, खवासा ले जाया गया, जहां उन्हें पर्याप्त भोजन एवं पानी उपलब्ध कराया गया तथा सीसीटीवी निगरानी में विश्राम हेतु रखा गया।
उन्होंने बताया कि दिनांक 03 फरवरी 2026 की प्रातःदोनों बाघ शावक स्वस्थ एवं स्थिर पाए गए। मानव प्रभाव (ह्यूमन इम्प्रिंटिंग) से बचाव एवं री-वाइल्डिंग के उद्देश्य से दोनों शावकों को एक साथ परिवहन पिंजरे में रखकर सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व भेजा गया।यह संपूर्ण कार्यवाही वन अमले एवं पशु चिकित्सा दल के समन्वित प्रयासों से शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हुई जिससे बाघ शावकों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जा सका।