सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह) ।
सोनभद्र पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी कामयाबी हासिल की है। थाना बीजपुर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर (एचएस), जिला बदर और टॉप-10 अपराधी रंजीत सिंह को बकरहिवा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के नेतृत्व में थाना बीजपुर की टीम सक्रिय थी। सेवकामोड़ पर चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जिला बदर अभियुक्त बकरहिवा मोड़ पर किसी साधन का इंतजार कर रहा है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने टीम के साथ तत्काल मौके पर घेराबंदी की और दोपहर करीब 1:30 बजे अभियुक्त को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्त रंजीत सिंह पिता इंद्रदीप सिंह, निवासी धरतीड़ाड थाना बीजपुर है। उसके खिलाफ वाद संख्या 1111/2024 धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम 1970 के तहत जिला बदर की कार्रवाई की गई थी, लेकिन निर्धारित अवधि पूरी नहीं हुई थी। अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही जारी है।
गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उ0नि0 कमलाकान्त पाण्डेय, हे0का0 विपिन यादव, का0 हरिश्चन्द्र और का0 रामप्रकाश यादव शामिल रहे।