रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
मुरैना|कलेक्ट्रेट सभागार मुरैना में मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बानमौर एवं मुरैना शहर की यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण, ब्लैक स्पॉट सुधार, ट्रैफिक सिग्नल, मैरिज गार्डन पंजीयन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री समीर सौरभ, सीईओ जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल डाबर, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत, जिले के समस्त एसडीएम तथा पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, क्षेत्रीय परिवहन, विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने बानमौर क्षेत्र की सर्विस रोड पर अतिक्रमण हटाने के संबंध में एनएचएआई को आवश्यक निर्देश दिए।
एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमणकर्ताओं को चिन्हित कर नोटिस जारी किए जा चुके हैं तथा होली के बाद पुलिस बल की उपस्थिति में स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने मुरैना शहर के फ्लाईओवर के नीचे जलभराव की समस्या का शीघ्र निराकरण करते हुए ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों पर रोड मार्किंग, ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन तथा सुरक्षा रेलिंग लगाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।उन्होंने एनएचएआई के 4 एवं पीडब्ल्यूडी के 13 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें प्राथमिकता से सुधारने के निर्देश दिए गए।
बैठक में शहर में आवारा गौवंश को गौशालाओं में शिफ्ट करने का भी निर्णय लिया गया।
कलेक्टर ने बिना पंजीयन संचालित मैरिज गार्डनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि नोटिस के बाद भी पंजीयन न कराने वाले मैरिज गार्डनों को सील किया जाए। उन्होंने सभी एसडीएम को भी अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे प्रतिष्ठानों की पहचान कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अंबाह, पोरसा, जौरा एवं सबलगढ़ में अस्थायी अतिक्रमण के कारण बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने हेतु हाथ ठेलों के लिए पृथक भूमि चिन्हित कर जोन विकसित करने तथा उन्हें वहां शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री समीर सौरभ द्वारा भी यातायात सुधार एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिन पर आवश्यक कार्यवाही किए जाने का निर्णय लिया गया.