दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
शनिवार दोपहर करीब एक बजे दुद्धी को जिला बनाने की पुरानी मांग को लेकर अधिवक्ताओं और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कचहरी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में वकील व कार्यकर्ताओं ने ‘दुद्धी को जिला बनाओ, विकास कराओ’, ‘चुनावी वादा पूरा करो’, ‘यह अभी अंगड़ाई है, आगे और लड़ाई है’ जैसे नारों से सरकार पर दबाव बनाया।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि दुद्धी सभी मानकों पर जिला बनने योग्य है और यहां से प्रदेश को भारी राजस्व मिलता है, फिर भी जिला का दर्जा नहीं मिला। उन्होंने बताया कि समिति ने अब तक 30 घंटे की आमरण भूख हड़ताल, 20 किमी पैदल यात्रा व कई चरणों के धरना-प्रदर्शन कर चुकी है। वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विधानसभा में कई बार मांग उठाई और सत्ताधारी नेताओं ने चुनावी वादों में आश्वासन दिया, जो अब तक अधूरा है। यह जनता के साथ खुला धोखा है।आंदोलन केवल वकीलों तक सीमित नहीं, बल्कि गांव-गांव के लोग इसमें शामिल हैं और जिला गठन तक यह जारी रहेगा।
मोर्चा पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि शीघ्र सकारात्मक निर्णय न लेने पर आंदोलन तेज होगा। प्रदर्शन में सिविल दुद्धी बार संघ अध्यक्ष प्रेमचंद यादव,सिविल बार अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा, जितेंद्र श्रीवास्तव,विष्णुकांत तिवारी,योगेश पांडे, जीवन राम,आशीष गुप्ता,अभिनव जायसवाल ,प्रेमचंद्र गुप्ता ,सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता ,पदाधिकारी व नगरवासी शामिल रहे।