कैमोर। आगामी हिंदू धर्म के प्रमुख पर्व होली एवं मुस्लिम समुदाय के पवित्र माह रमज़ान शरीफ़ को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाए जाने के उद्देश्य से 27 फ़रवरी शनिवार शाम 4:30 बजे कैमोर थाना प्रांगण में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
शांति एवं कानून व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने होलिका दहन एवं धुरेड़ी के दौरान सभी नागरिकों से संयम और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि होली के दौरान नशा कर वाहन चलाने वालों पर सख्त चलानी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
बैठक में मुख्य रूप से अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे, थाना प्रभारी आशीष शर्मा, कैमोर नगर परिषद उपाध्यक्ष संतोष केवट, भाजपा मंडल अध्यक्ष भवानी राजा मिश्रा, नगर के गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण, वार्ड पार्षद एवं नगर परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि दोनों समुदायों के लोग आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएंगे और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने हेतु प्रशासन को पूर्ण सहयोग देंगे।
समापन में प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि त्योहारों की खुशियों को शांति और सौहार्द के साथ मनाते हुए नगर की परंपरा और सामाजिक एकता को बनाए रखें।
कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट।