दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरुखाड़ गांव में बुधवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक ने घर की बडेर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इकलौते बेटे कमलेश कुमार भारती की असामयिक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों के अनुसार, कमलेश भारती पुत्र राजाराम बीती रात मंगलवार को परिवार के साथ भोजन कर अपने कमरे में सोने चला गया था। बुधवार सुबह जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया, तो परिजनों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। कोई उत्तर न मिलने पर खिड़की से झांका तो कमलेश फंदे से लटका हुआ दिखा। चीख-पुकार मचाने पर ग्रामीण भी जुट गए। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे परिजनों ने शव उतारने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही विंढमगंज पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। पुलिस घटना के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
परिजनों ने बताया कि कमलेश छह बहनों में इकलौता अविवाहित भाई था। पिता राजाराम राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। एक छोटी बहन भी अविवाहित है। इकलौते भाई की मौत से पूरा परिवार टूट चुका है। पड़ोसियों ने बताया कि घर में कोहराम मच गया है और परिजन सदमे में हैं।