सहारनपुर। (सू0वि0)भ जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि जनपद में घरेलू गैस सिलेण्डर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा मांग के अनुरूप उपभोक्ताओं को गैस एजेन्सियों द्वारा बुकिंग के उपरान्त 36-48 घण्टे के भीतर गैस की सप्लाई की जा रही है। आपूर्ति विभाग की टीमें गठित कर दी हैं जो लगातार भ्रमणशील रहकर गैस एजेन्सियों पर घरेलू गैस की उपलब्धता, मांग व आपूर्ति तथा मूल्य पर सतत निगरानी रखे हुए हैं। इसके अतिरिक्त यह टीमें निरन्तर भ्रमणशील रहकर घरेलू गैस सिलेन्डरों की जमाखोरी, कालाबाजारी करने वालों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही करेंगी। जनपद में विभिन्न कम्पनियों के घरेलू गैस सिलेण्डरों की मांग/खपत के अनुरूप घरेलू गैस सिलेन्डरों की पर्याप्त उपलब्धता है तथा कम्पनियों के रिफिलिंग प्लांट से जनपद को मांग के अनुरूप गैस आगे भी प्राप्त होती रहे उस पर भी सतत निगरानी की जा रही है। शासन द्वारा कमर्शियल सिलेण्डरों की आपूर्ति अस्पतालों एवं विद्यालयों को किये जाने के निर्देश दिये गये हैं, जिसका पालन कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त घरेलू गैस उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। अनावश्यक रूप से घरेलू गैस सिलेण्डरों का अग्रिम भण्डारण न करें एवं पैनिक बुकिंग से बचें।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़