सहारनपुर — नगर निगम द्वारा बार-बार कुर्की की कार्रवाई और भवन सील की चेतावनी के बावजूद महानगर के करीब 40 हजार भवन स्वामियों ने अपना गृहकर और जलकर जमा नहीं कराया है। अनेक सरकारी संस्थान और कार्यालय भी ऐसे रहे जो अपना टैक्स जमा नहीं करा पाए।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संगीता गुप्ता ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देशन में महानगर में राजस्व विभाग द्वारा गृहकर- जलकर व सीवर कर की वसूली के लिए जोर शोर से अभियान चलाते हुए 31 मार्च तक करीब 70.47 करोड़ रुपये की वसूली की गयी, लेकिन अभी भी महानगर के 40 हजार भवन स्वामी ऐसे है जिन्होंने अपना बकाया टैक्स जमा नहीं कराया है। ये भवन स्वामी न केवल बकाया कर पर मिलने वाली 20 प्रतिशत की छूट से वंचित हो गए है बल्कि इन्हें बकाया पर 12 प्रतिशत ब्याज भी देना होगा।
उन्होंने बताया कि सरकारी संस्थानों/प्रतिष्ठानों में सरकारी अस्पतालों, पीडब्लूडी, आयकर, डाकघर आदि विभाग भी अपना बकाया टैक्स जमा नहीं करा पाए हैं। सरकारी अस्पतालों पर करीब दो करोड़ टैक्स बकाया है। इसके विपरित कुछ सरकारी कार्यालय प्रेरक बनकर सामने आये हैं। इनमें सहायक आयुक्त केंद्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क कार्यालय ने एक करोड़ 55 लाख, मण्डी परिषद द्वारा 80 लाख, केंद्रीय भंडारण निगम द्वारा 66 लाख, जिला विकास अधिकारी कार्यालय से 22 लाख रुपये टैक्स जमा कराया गया है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि कुछ सरकारी कार्यालय संभवतः अपना बजट समय से शासन को नहीं भेज पाये जिसके कारण उन विभागों का टैक्स जमा नहीं हो पाया है। उन्होंने सभी विभागों से अपील की है कि नये वित्तीय वर्ष में वे शासन को अपना बजट समय से भेज दे ताकि भविष्य में नगर निगम का टैक्स जमा किया जा सके।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़