रीवा ब्यरो चीफ रिप्पू पाण्डेय
रीवा जिले के त्यौंथर क्षेत्र अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला पनासी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्कूल की प्रधानाध्यापिका वर्षा मांझी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कान में ईयरफोन लगाकर गाने सुनती नजर आ रही हैं।
वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि एक छात्र उनके पास खड़ा होकर हाथ से पंखा चला रहा है। भीषण गर्मी के बीच छात्र से इस तरह का व्यक्तिगत कार्य कराना शिक्षा व्यवस्था और शिक्षक की जिम्मेदारियों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि स्कूल शिक्षा का मंदिर होता है, जहां बच्चों को संस्कार और अनुशासन सिखाया जाता है, लेकिन इस तरह की घटनाएं व्यवस्था की पोल खोल रही हैं।
मामले को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि संबंधित प्रधानाध्यापिका के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।
वहीं सहायक संचालक रीवा राजेश मिश्रा ने कहा कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है जिसकी जांच कराकर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।