सहारनपुर । सोशल मीडिया पर खतरनाक बाइक और कार स्टंट के वीडियो वायरल होने पर सहारनपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस की टीम लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की निगरानी कर रही है और वायरल होते ऐसे वीडियोज का संज्ञान लेकर तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू कर रही है।
जानकारी के मुताबिक हाल ही में थाना चिलकाना, थाना गागलहेड़ी और थाना मंडी पुलिस ने कई युवकों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं, जो सड़कों पर खतरनाक स्टंट करके वीडियो बनाते और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट करते पाए गए। पुलिस ने इन युवाओं को थाने बुलाकर न सिर्फ नियमों का पाठ पढ़ाया, बल्कि उनके खिलाफ सड़क सुरक्षा कानून के तहत उचित कार्रवाई भी की है। पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को सख्त चेतावनी दी है कि सड़क पर वाहन को अनियंत्रित तरीके से चलाना, व्हीलिंग करना, हाई स्पीड में स्टंट दिखाना न केवल खुद की जान को खतरे में डालता है, बल्कि राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन जाता है। ऐसे स्टंट अक्सर गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं, जिनमें कई बार युवा खुद अपनी जान गंवा बैठते हैं या दूसरों को नुकसान पहुंचाते हैं। जांच में सामने आया है कि ज्यादातर युवा ये खतरनाक वीडियो खुद अपने Instagram, Facebook, YouTube Shorts और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पोस्ट करते हैं। कुछ लाइक्स, कमेंट्स और फॉलोअर्स बढ़ाने या अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल दिखाने के चक्कर में वे अपनी और दूसरों की जान को दांव पर लगा रहे हैं। सोशल मीडिया की इस सनक ने आजकल के युवाओं को पूरी तरह से अंधा बना दिया है। पुलिस ने कहा, “सोशल मीडिया पर वायरल होने के लालच में युवा भूल जाते हैं कि एक छोटी सी गलती उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल सकती है।” सहारनपुर पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें। बच्चों को घर पर ही समझाएं कि स्टंट करना बहादुरी नहीं, बल्कि मूर्खता है। अगर परिवार समय रहते बच्चों को सही दिशा नहीं दिखाएगा तो बाद में पछतावा ही रह जाएगा। पुलिस की इस मुहिम का उद्देश्य युवाओं को जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है। सहारनपुर पुलिस की इस सतर्कता से उम्मीद की जा रही है कि युवा ऐसी खतरनाक हरकतों से दूर रहेंगे और सड़कों को सुरक्षित बनाने में अपना योगदान देंगे।
संदेश युवाओं के नाम सड़क स्टंट न करें, यह बहादुरी नहीं है। लाइक्स के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। नियमों का पालन करें, जिंदगी सिर्फ एक बार मिलती है। परिवार और समाज की जिम्मेदारी समझें।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़