राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला टास्क फोर्स ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम क्षेत्र में बंद पड़ी पुरानी लेटराइट खदानों से अवैध मलबा उठाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। खनिज विभाग की टीम पिछले दो दिनों से इस पर नजर बनाए हुए थी। जांच में सामने आया कि कुछ स्थानीय लोग फावड़े-तसलों के जरिए मलबा एकत्र कर अवैध रूप से उसका परिवहन कर रहे थे।
रविवार सुबह करीब 6 बजे खनिज अमले ने सुनियोजित घेराबंदी कर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को बिना वैध दस्तावेज के खनिज ले जाते हुए पकड़ा। टीम को देखकर चालक ने ट्रॉली खाली कर भागने की कोशिश की, लेकिन अमले ने करीब 5 किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया।
जब्त वाहन को सुरक्षा के मद्देनज़र माधवनगर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। इस कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा और होमगार्ड स्टाफ की अहम भूमिका रही।
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में तहसील स्तर पर भी अभियान और तेज किया जाएगा।