सहारनपुर शहर के 22 प्रमुख चौराहों एवं महत्वपूर्ण स्थानों से महिलाएं किसी भी आपातकालीन स्थिति में एमरजेंसी कॉल कर हेल्प ले सकती है। इन चौराहों पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए पीए सिस्टम ( पब्लिक एडेªस सिस्टम) और कैमरे लगाए गए हैं।
नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर नगर निगम से सम्बंधित महिलाओं को यह जानकारी आज मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत यहां आईसीसीसी में आयोजित एक प्रशिक्षण कार्यक्रम में दी गयी। मिशन शक्ति 5.0 के सहायक नोडल अधिकारी मोहित तलवार ने महिलाओं को बताया कि शहर के 22 प्रमुख स्थानों पर लगे पीए सिस्टम पर कोई महिला जैसे ही लाल रंग का पुश बटन दबायेंगी उनकी कॉल सीधे आईसीसीसी कमांड कंट्रोल सेण्टर से जुड़ जायेगी, और उस कॉल को सम्बंधित महिला को हेल्प पहुंचाने के लिए सम्बंधित थाने को भेज दिया जायेगा। मोहित तलवार ने बताया कि आईसीसीसी में 24 घण्टे पुलिसकर्मी एवं अन्य स्टाफ तैनात रहते हुए निगरानी करता है।
महिला सुरक्षा से सम्बंधित कार्यक्रम में महिलाओं को अवगत कराया गया कि महानगर में 860 कैमरे, लगाये गए है। जिसके अंतर्गत शहर के सभी 17 जंक्शनों-पुरानी चुंगी, नवाब गंज चौक, घण्टाघर, देहरादून चौक, चौ. चरण सिंह चौक, अग्रसेन चौक, दर्पण तिराहा, कलक्ट्रेट तिराहा, हसनपुर चौराहा, मण्डी समिति चौक, अम्बेडकर चौक, सदर तिराहा, विश्वकर्मा चौक, राकेश केमिकल, दीवानी तिराहा, अनुपम स्वीट्स व सब्जीमण्डी पुल शामिल हैं।
इसके अलावा शहर के चौक फव्वारा, एलाइड पैट्रोल पम्प अम्बाला रोड, कुतुबशेर, बेहट अड्डा, भगतसिंह चौक पर भी सीसीटीवी कैमरे और पीए सिस्टम लगाये गए हैं। कुल 22 स्थानों पर पीए सिस्टम लगाया गया है। एनआईसी के सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर मनोहर ने बताया कि आवश्यकता पर आईसीसीसी से एनाउंस कर उक्त 22 स्थानों पर किसी भी संदेश को एक साथ प्रसारित किया जा सकता है। महिलाओं से आह्वान किया गया कि वे अपने क्षेत्रों में लोगों को कैमरे लगवाने के लिए प्रेरित करें।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़