फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। इलाके में अपराध पर नकेल कसने के अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक 18 अप्रैल को थाना फतेहगंज पश्चिमी की टीम गांव घाटमपुर जाने वाले खंडजा मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध हालत में घूम रहे राजवीर पुत्र दान सिंह (निवासी ग्राम घाटमपुर, उम्र करीब 25 वर्ष) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने कुछ अहम जानकारियां दी हैं, जिनके आधार पर पुलिस अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। सूत्रों के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।
थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध असलाह रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली