राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। भीषण गर्मी के इस दौर में कटनी शहर की जीवनदायिनी मानी जाने वाली कटनी नदी की हालत बेहद चिंताजनक हो गई है। जहां कभी पानी की धार बहती थी, वहां आज गंदे नालों का पानी बहता नजर आ रहा है, चारों ओर केवल हरियाली और झाड़-झंखाड़ नजर आ रहे हैं। नदी का अस्तित्व मानो खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल गंगा सफाई अभियान के नाम पर केवल औपचारिकताएं निभाई गईं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्य नहीं किया गया। नतीजा यह है कि नदी में पानी की जगह काई, घास और गंदगी ने कब्ज़ा जमा लिया है।
नगर निगम द्वारा समय-समय पर नदी सफाई के दावे तो किए जाते रहे, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल उलट दिखाई दे रही है। भीषण गर्मी में जहां जल स्रोतों का संरक्षण सबसे बड़ी प्राथमिकता होना चाहिए, वहीं कटनी नदी की यह बदहाल स्थिति प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।
पर्यावरण प्रेमियों और नागरिकों ने भी चिंता जताते हुए कहा है कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले समय में जल संकट और गहरा सकता है।
अब देखना होगा कि नगर निगम और प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर कितनी तत्परता दिखाता है और क्या कटनी नदी को फिर से उसकी पुरानी धारा मिल पाएगी या नहीं।