फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। थाना क्षेत्र के चिटौली गांव में शरारती तत्वों ने धार्मिक स्थल परिसर में लगे सीमेंट के स्तंभ तोड़कर माहौल खराब करने की कोशिश की। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक गांव चिटौली स्थित शिव मंदिर (गंगा मईया मढ़ी) का इन दिनों ग्रामीणों द्वारा जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। मंदिर परिसर व आसपास की खाली जमीन को सुरक्षित रखने के लिए सीमेंट के स्तंभ लगाए गए थे। आरोप है कि शनिवार देर रात किसी अज्ञात खुरापाती ने कई स्तंभ तोड़ दिए, जबकि कुछ को उखाड़ने की कोशिश की।
रविवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो टूटे और उखड़े स्तंभ देखकर दंग रह गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि यह हरकत गांव के सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने की साजिश है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि कुछ स्तंभों को क्षतिग्रस्त किया गया है। मामले में अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की पहचान कर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली