राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। भीषण गर्मी के इस दौर में आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से अखिल विश्व गायत्री परिवार जिला कटनी के डिवाइन इंडिया यूथ एसोसिएशन (DIYA) कटनी चैप्टर द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। संस्था द्वारा शहर के वेंकट लाइब्रेरी परिसर में वटवृक्ष के नीचे शीतल जल का प्याऊ प्रारंभ किया गया है।
इस सेवा कार्य का शुभारंभ मनोनीत जिला समन्वयक श्री कमल राज अग्रवाल के नेतृत्व में मां गायत्री, परम पूज्य गुरुदेव एवं वरुण देवता के आवाहन के साथ विधिवत किया गया। कार्यक्रम में समन्वय समिति सदस्य शरद जायसवाल, डॉ. विद्याभूषण खरे, श्रीमती ज्योति श्रीवास्तव, देवेंद्र दुबे, धीरज नामदेव, लव सिंह चौहान, अभिषेक केशरवानी, दीपक शीरवानी, असीम चतुर्वेदी सहित अन्य कार्यकर्ताओं का सक्रिय सहयोग रहा।
उल्लेखनीय है कि जिस क्षेत्र में यह प्याऊ शुरू किया गया है, वहां आसपास सार्वजनिक पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। ऐसे में वेंकट लाइब्रेरी में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं, खेल मैदान में अभ्यास करने वाले खिलाड़ी एवं बाजार आने वाले ग्रामीणजन इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।
गायत्री परिवार कटनी ने शहर के अन्य क्षेत्रों में भी शीघ्र ऐसे शीतल जल केंद्र प्रारंभ करने की बात कही है। साथ ही संस्था ने प्रबुद्ध नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस पुनीत कार्य में सहयोग कर मानव सेवा के इस अभियान को आगे बढ़ाएं।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि “मानव सेवा ही माधव सेवा है” और इसी भावना के साथ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।।