दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
म्योरपुर रोड रेलवे स्टेशन के पास वानर झूला ब्रिज संख्या 242 पर मंगलवार शाम मालगाड़ी के एक डिब्बे के बेपटरी होने से रेल यातायात बुरी तरह बाधित हो गया।
म्योरपुर रोड से रेणुकूट जा रही मालगाड़ी शाम करीब चार बजकर 57 मिनट पर मुर्धवा-बीजपुर रेलवे क्रॉसिंग पार करने के तुरंत बाद पटरी से उतर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पटरी उतरते ही जोरदार धमाका हुआ, लेकिन क्रॉसिंग पार होने के कारण सड़क यातायात पर असर नहीं पड़ा। आसपास के लोग दहशत में भागे, किंतु हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
सूचना पर चोपन, रेणुकूट आदि स्टेशनों से रेलवे अधिकारी व तकनीकी दल मौके पर पहुंचे। विशेष क्रेन से डिब्बे को पटरी पर चढ़ाने का कार्य तेजी से चल रहा है। फिलहाल एकल ट्रैक से ट्रेनें चल रही हैं, जिससे कई गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई और समय में बदलाव किया गया। यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि ट्रैक पूरी तरह ठीक होने तक मार्ग प्रभावित रहेगा। घटना के कारणों की जांच शुरू हो गई है।