फतेहगंज पश्चिमी (संवाददाता)। थाना क्षेत्र के ग्राम नौगवा घाटमपुर में मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मोटरसाइकिल हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने खेत से लौट रहे दंपति पर लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी देवी अपने पति महिपाल सिंह के साथ खेत से भूसा लेकर घर लौट रही थीं। घर के सामने खड़ी एक मोटरसाइकिल को हटाने के लिए कहने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गांव के प्रेम सिंह, उसके पुत्र रवि व दिपांशु, पत्नी राजेश्वरी और पुत्री शिवानी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ितों का आरोप है कि विरोध करने पर सभी आरोपियों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों, ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इतना ही नहीं, हमलावरों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ भी की। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे मोहल्ले के लोगों के ललकारने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद घायल दंपति ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली