डुमरियागंज सिद्धार्थनगर। ग्राम प्रधान संघ डुमरियागंज इकाई की एक बैठक मंगलवार को ब्लॉक सभागार में ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप पाण्डेय उर्फ छोटे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्रा शामिल हुए। जिसमें ग्राम प्रधानों ने एक स्वर में अपनी आवाज बुलंद करते हुए कहा कि वह लोग पंचायती राज चुनाव के लिए तैयार हैं, अगर समय पर चुनाव नहीं कराया जाता है तो, उनका कार्यकाल बढ़ाया जाए या उन्हें ही प्रशासक की जिम्मेदारी सौंप जाए। राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के तत्वधान में आयोजित ग्राम प्रधानों की बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्रा ने कहा कि संगठन के प्रांतीय नेतृत्व के दिशा-निर्देशन में इन दिनों ग्राम प्रधान अपनी मांगों को लेकर मजबूती से अपनी बात शासन तक पहुंचाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी 26 मई को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, ऐसे में यदि समय पर चुनाव न हो पाये तो उन्हें ही प्रशासक के रूप में नियुक्त किया जाए अथवा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए। जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि ग्राम प्रधान शासन-प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सरकारी योजनाओं की क्रियान्वयन में अपनी पूरी भूमिका निभाता है, ऐसे में चुनाव न होने की दिशा में किसी दूसरे को प्रशासक बनाया जाना कत्तई मंजूर नहीं होगा। यदि सरकार इस मामले में अपना निर्णय प्रधानों की हित में नहीं देती है, तो जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक बृहद पैमाने पर आंदोलन होगा। प्रदेश उपाध्यक्ष ताकीब रिजवी व डुमरियागंज ब्लॉक के प्रधान संघ अध्यक्ष दिलीप पाण्डेय उर्फ छोटे ने कहा कि गांवों विकास के मुख्य कड़ी के रूप में ग्राम प्रधान होता है, जिनकी मांगों को पूरा किया जाना सरकार को प्राथमिकता के तौर पर गंभीरता से लेना चाहिए। उन्हें उम्मीद है कि ब्लॉक स्तर से लेकर प्रांतीय स्तर तक उठाई जा रही मांग को सरकार जरूर पूरा करेगी। बैठक का संचालन उपाध्यक्ष अजीत उपाध्याय ने किया। बैठक के बाद बीडीओ के अनुपस्थिति में एडीओ पंचायत हरिशंकर सिंह को मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर चेयरमैन भारत भारी चंद्र प्रकाश चौधरी, राकेश द्विवेदी, राकेश पाण्डेय, पप्पू पाण्डेय, केशभान चौधरी, अजीत उपाध्याय, पप्पू श्रीवास्तव, विष्णू श्रीवास्तव, भूपेंद्र सिंह, जहीर फारूकी, मनोज यादव, सचिन श्रीवास्तव, मोहम्मद इलियास, विनीत श्रीवास्तव, अवधेश कुमार, सुधीर वर्मा, रंजीत कुमार, राजू पाण्डेय, चंद्रभान, मोहम्मद वसीम, सतिराम, पप्पू, मोहम्मद इस्लाम, मो. आमिर, अबू साद, राधेश्याम, मेवालाल, महेंद्र चौधरी, दीपक, इमरान, दिलीप शर्मा, अकरम मलिक, लवकुश यादव, शिव कुमार, प्रमिला, गुरु प्रसाद, शैलेन्द्र कुमार, अश्वनी मिश्रा, राज कुमार आदि लोग उपस्थित रहे।
इंसर्ट
ग्राम प्रधानों ने पूर्व विधायक को सौंपा ज्ञापन
डुमरियागंज ब्लॉक सभागार में मंगलवार को आयोजित ग्राम प्रधानों की बैठक संपन्न होने के पश्चात जहां एडीओ पंचायत को ज्ञापन सौंपा गया, वहीं जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्रा एवं ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप पाण्डेय के नेतृत्व में पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह को भी ग्राम प्रधानों ने ज्ञापन सौंपा। प्राधिकारियों ने पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह से ग्राम प्रधानों की बात मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की अपील की। जिस पर पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने ग्राम प्रधानों एवं संगठन के पदाधिकारी को शीघ्र ही मुख्यमंत्री तक बात रखने का भरोसा दिलाया।