राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में अवैध और नियमों के विपरीत संचालित वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा बुधवार को बड़वारा क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न मार्गों पर वाहनों की बारीकी से जांच की गई। इसी दौरान एमपी-21-पी-0863 क्रमांक की एक यात्री बस को रोका गया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच में पाया गया कि बस बिना वैध परमिट के संचालित हो रही थी, जो मोटर व्हीकल एक्ट का सीधा उल्लंघन है। इसके साथ ही वाहन का फिटनेस प्रमाणपत्र भी अमान्य था। इतना ही नहीं, बस का टैक्स पिछले दो महीनों से जमा नहीं किया गया था और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) भी वैध नहीं मिला।
सबसे अहम बात यह रही कि संबंधित बस अपनी निर्धारित 15 वर्ष की आयु सीमा पूरी कर चुकी थी, जिसके बाद उसका संचालन नियमों के अनुसार प्रतिबंधित हो जाता है।
इन सभी अनियमितताओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर थाना बड़वारा में सुरक्षित खड़ा कराया है। मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। साथ ही वाहन मालिकों और चालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज—परमिट, फिटनेस, टैक्स और पीयूसी—समय पर अपडेट रखें, ताकि किसी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।