राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में खाद्य गुणवत्ता और उपभोक्ता सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। इसी कड़ी में ग्राम इमलिया स्थित ‘शिव पल्सेज’ दाल मिल पर प्रशासनिक टीम ने छापामार कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान अधिकारियों ने दाल मिल में संग्रहित अरहर दाल की गुणवत्ता की जांच की और मौके से सैंपल लिए। इन सैंपलों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, ताकि खाद्य मानकों के अनुरूप गुणवत्ता की पुष्टि की जा सके।
जांच के दौरान दस्तावेजों और संचालन से जुड़ी अन्य आवश्यक जानकारियों का भी परीक्षण किया गया। प्रारंभिक निरीक्षण में कुछ अनियमितताएं पाए जाने पर दाल मिल संचालक को नोटिस जारी किया गया है और निर्धारित समय सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानक गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पाद उपलब्ध हो सकें।