शहजाद आलम, जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जिले के इटवा थाना क्षेत्र के पचउथ गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मालती उर्फ मनीषा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब दो माह पूर्व गांव निवासी देवदत्त मौर्य के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। मृतका के परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही मनीषा को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था।
मृतका की मां ने रोते हुए आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या दहेज के लिए की गई है। उन्होंने कहा कि शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार सभी सामान दिया गया था, इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें लगातार बढ़ती जा रही थीं। परिजनों ने मामले में कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए दोषियों को सजा दिलाने की अपील की है।
घटना की सूचना पर इटवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है कि मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या का। फिलहाल पुलिस ने मायके पक्ष के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं नवविवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की उम्मीद जता रहे हैं।