रामगढ़ कस्बे में महिला के साथ मारपीट और छेड़छाड़ का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना 9 मई की देर शाम की बताई जा रही है। मामले में पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज पीड़ित परिवार और ग्रामीण गुरुवार को सड़क पर उतर आए। कस्बे में रैली निकालते हुए बड़ी संख्या में लोग तहसील रंगमंच पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
पीड़िता ने रामगढ़ थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि पड़ोस का एक युवक घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ पानी की नली से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के समय महिला का पति ड्यूटी के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। घायल महिला को परिजनों ने तुरंत रामगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया।
मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। धरने में कस्बे के सर्व समाज के युवा, महिलाएं और पूर्व सैनिक भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि घटना को कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
धरने पर बैठे लोगों ने चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
वहीं रामगढ़ थाना अधिकारी अजीत सिंह बड़सरा ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर तुरंत मामला दर्ज कर लिया गया था। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान भी दर्ज कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी घटना के बाद फरार हो गए थे और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस अवसर पर सूबेदार शमशेर सिंह यादव. पूर्व सैनिक जयराम मीणा. मानसिंह चौधरी. गिर्राज नायक. घनश्याम सेन. छुट्टन शर्मा. राम कुमार यादव. होशियार सिंह. व कस्बे के महेश सैनी परम सिंह. सूरज सैनी. पिंकी सैनी. रोहिताश सैनी. दौलत. देवेंद्र सैनी. आदि लोग शामिल थे.।
रिपोर्ट अजय भारद्वाज अलवर राजस्थान