राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
ग्राम पंचायत बिरुहली में सचिव की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने पंचायत सचिव पर मनमानी, लापरवाही और पंचायत कार्यों की अनदेखी के आरोप लगाए हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जनपद पंचायत रीठी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) ने सचिव का वेतन रोकने की कार्रवाई की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सचिव नियमित रूप से पंचायत में उपस्थित नहीं रहते, जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार फोन लगाने के बावजूद सचिव फोन रिसीव नहीं करते और न ही पंचायत संबंधी समस्याओं पर ध्यान दिया जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में कई जरूरी कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे। ग्रामीणों ने जनपद पंचायत अधिकारियों से गांव पहुंचकर निरीक्षण करने और समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।
CEO ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जनपद पंचायत रीठी के CEO राजेश नरेंद्र सिंह ने बताया कि पंचायत सचिव के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच में पंचायत से अनुपस्थित रहने और ग्रामीणों को परेशान करने की बात सामने आई है। इसी के चलते सचिव का वेतन रोका गया है। उन्होंने कहा कि यदि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।