दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के परिसर में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एन.सी.एल) की सामाजिक दायित्व योजना के तहत निर्मित सार्वजनिक सुलभ शौचालय लगभग एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति न होने के कारण बंद है, जिससे अस्पताल आने‑जाने वाले मरीज और उनके परिजन असुविधा झेल रहे हैं।
सीएचसी रोजाना सैकड़ों ओपीडी और आईपीडी मरीजों को सेवा देता है।सूत्रों से बताया गया कि शौचालय की पानी आपूर्ति मोटर खराब होने के कारण ठप हो गयी है और गंदगी व मलबा बढ़ने पर शौचालय के दरवाजे पर तालाबंद कर दिया गया है। परिचितों का कहना है कि यह सुविधा बंद होने से परिसर में भारी असुविधा पैदा हो रही है और कई परिजन आक्रोशित हैं।
स्थानीय नागरिकों व मरीजों के परिजनों ने संबंधित जिम्मेदारों से अपील की है कि शौचालय की तुरंत मरम्मत करायी जाए तथा भविष्य में रख‑रखाव की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। उनका कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले वृद्ध व बीमार लोगों के लिये यह सुविधा अत्यंत आवश्यक है, इसलिए शीघ्र समाधान होना चाहिए।
इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी के चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम ने कहा कि कुछ दिन पहले मोटर लगाई गयी थी, इसलिए पानी की आपूर्ति क्यों नहीं हो रही है इसकी जांच करायी जायेगी। उन्होंने बताया कि शौचालय की देख‑रेख नगर पंचायत के द्वारा की जा रही है और नगर पंचायत के अधिकारियों से बात करके इसे शीघ्र निस्तारित कराया जाएगा ताकि पुनः पानी की समस्या न हो। डॉ. शाह ने कहा कि वे स्वयं भी स्थिति पर नजर रखेंगे और जरूरी समन्वय कराकर समस्या के निदान में मदद करेंगे।