राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में महापौर प्रीति संजीव सूरी ने नगरवासियों से शहर को स्वच्छता रैंकिंग में अव्वल स्थान दिलाने के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम की टीम द्वारा शहर में स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत नागरिकों से फीडबैक लेने का अभियान शुरू कर दिया गया है। जल्द ही स्वच्छ सर्वेक्षण की केंद्रीय टीम भी कटनी पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेगी। ऐसे में शहरवासियों की सहभागिता और सकारात्मक फीडबैक बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्वच्छता को केवल नगर निगम की जिम्मेदारी न मानें, बल्कि अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण एप एवं क्यूआर कोड के माध्यम से सकारात्मक फीडबैक दर्ज कर कटनी को नई पहचान दिलाने में भागीदार बनें।
महापौर ने कहा कि यदि शहर का प्रत्येक नागरिक स्वच्छता के प्रति जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभाएगा, तो कटनी निश्चित रूप से स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश एवं देश में अलग पहचान बनाएगा।