राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
रविवार की सुबह शहर में उत्साह, ऊर्जा और जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला, जब नगर पालिक निगम कटनी द्वारा आयोजित “राहगीरी डे” ने स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनभागीदारी को एक नए आयाम तक पहुंचाया। नेहरू वार्ड स्थित हाउसिंग बोर्ड प्रवेश द्वार से हाउसिंग बोर्ड मैदान तक आयोजित इस कार्यक्रम में नागरिकों ने खुले वातावरण में फिटनेस, मनोरंजन और सामाजिक सरोकारों से जुड़कर स्वच्छ कटनी के संकल्प को मजबूत किया।
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को यह संदेश देना था कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सहभागिता से ही शहर को सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सकता है। यही कारण रहा कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, चिकित्सकों, युवाओं, महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, पूर्व विधायक श्रीमती अलका जैन, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, उमेंद्र ओमी अहिरवार, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शशिकांत तिवारी, लव साहू, गोविंद चावला, सीमा श्रीवास्तव, सीमा जैन सोगानी, नगर निगम ब्रांड एम्बेसडर, उपयुक्त शैलेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।
योग, जुंबा और खेल गतिविधियों में दिखा उत्साह
राहगीरी डे की शुरुआत सामूहिक योग और फिटनेस गतिविधियों से हुई, जहां लोगों ने स्वास्थ्य के प्रति सजगता दिखाई। इसके बाद साइकिलिंग, जुंबा, स्केटिंग, रस्साखींच, शतरंज, कैरम, पेंटिंग, रंगोली, सांप-सीढ़ी, पिट्टू, बोरा दौड़, रस्सीकूद और चम्मच-नींबू दौड़ जैसी पारंपरिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने आयोजन को जीवंत बना दिया।
तेज संगीत की धुनों पर आयोजित जुंबा सत्र में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से “फिटनेस के साथ मेरा शहर-मेरी जिम्मेदारी” का संदेश प्रभावी ढंग से दिया गया।
नुक्कड़ नाटक और जागरूकता गतिविधियों से दिया स्वच्छता का संदेश
राहगीरी डे में मनोरंजन के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। नुक्कड़ नाटक, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक प्रतिबंध और वाटर हार्वेस्टिंग के माध्यम से नागरिकों को जल संरक्षण एवं पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन से पूर्व महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। वहीं इको ब्रिक्स और अनुपयोगी कपड़ों से तैयार थैलों के स्टॉल ने “रीसायकल से सृजन” की सोच को बढ़ावा दिया।
लोक संस्कृति और कार्टून कैरेक्टर बने आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में गीतांजलि रस कला केंद्र के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा। वहीं कार्टून कैरेक्टर गोरिल्ला बच्चों और राहगीरों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा। मैजिक शो और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता ने भी लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
तुलसी पौधा भेंट कर किया सम्मान
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। यह पहल पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली अपनाने का प्रेरक संदेश देती नजर आई।
नगर निगम द्वारा प्रति रविवार आयोजित किया जा रहा “राहगीरी डे” अब केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं रह गया है, बल्कि यह स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का सशक्त अभियान बन चुका है। यह आयोजन नागरिकों को यह संदेश दे रहा है कि जब समाज और प्रशासन साथ मिलकर आगे बढ़ते हैं, तब स्वच्छ और स्वस्थ शहर का सपना आसानी से साकार हो सकता है।