राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
किसानों की समस्याओं, बढ़ती महंगाई और समर्थन मूल्य खरीदी केंद्रों में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी शहर ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश का किसान खाद, बीज, सिंचाई, बिजली और फसलों के उचित दाम जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार किसानों की परेशानियों के प्रति संवेदनशील नजर नहीं आ रही है।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि समर्थन मूल्य खरीदी केंद्रों में किसानों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बारदाने की कमी, स्लॉट बुकिंग में अव्यवस्था और तौल में अनियमितताओं के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका कहना था कि कई खरीदी केंद्रों में 50 किलो के स्थान पर 51.400 किलो तक तौलाई की जा रही है, जिससे किसानों की उपज अधिक ली जा रही है।
उन्होंने कहा कि किसान अपनी उपज बेचने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया जा रहा। कांग्रेस नेताओं ने खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए जाने के साथ किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की।
संगठन महासचिव प्रेम बत्रा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश जैन कक्का ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसान परेशान हैं। किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और खरीदी केंद्रों में लगातार अव्यवस्थाएं बनी हुई हैं। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई।
इस दौरान रजनी वर्मा, राजेश जाटव, कमल पांडे, अजय जैसवानी, जितेंद्र गुप्ता, मुकेश परोहा, मंगल सिंह, आफताब अहमद चोखे भाईजान, राहुल होतवानी, इस्तियाक अहमद, नारायण निषाद, विजय मंगल चौधरी, दिग्विजय सिंह, संजय गुप्ता, श्याम पाहुजा, श्याम यादव, सचिन गर्ग, शुभम मिश्रा, मुन्ना कुशवाहा, अजय वर्मा, विजय चंदवानी, सुरेश लालवानी, आदित्य सिंह, राजीव दुबे, इकलाख अहमद, शशि शेखर भारद्वाज, रमेश प्यासी, सुरेंद्र कुमार ठाकुर, सुरेंद्र श्रीवास, राजकुमार कल्लू विश्वकर्मा, राहुल सिंह, हर्ष सेन, सोनू चौहान, दिलदार खान, विजय, यूसुफ खान, अमन कुमार कोल, हर्षित मिश्रा, रवि मंगलानी और सुनील सेन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।