राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
अंधविश्वास और झाड़-फूंक की आड़ में महिलाओं को अपना शिकार बनाने वाले एक कथित बाबा का काला चेहरा आखिरकार बेनकाब हो गया। माधवनगर पुलिस ने महिला से अश्लील हरकत और छेड़छाड़ के आरोप में शाहपुर निवासी बाबा नुनी दाहिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला ने थाना माधवनगर में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि आरोपी बाबा झाड़-फूंक और तांत्रिक क्रियाओं के जरिए उसकी समस्या दूर करने का झांसा देता था। इसी बहाने वह महिला को अपने प्रभाव में लेकर उसके साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ करता रहा। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे डराने-धमकाने की कोशिश भी की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया तथा थाना प्रभारी संजय दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 431/26 के तहत धारा 74, 75, 79 एवं 351(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने झाड़-फूंक और तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर अन्य महिलाओं को भी अपना शिकार तो नहीं बनाया। पुलिस ने लोगों से अंधविश्वास से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।