राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक अव्यवस्था अब आमजन के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी है। बरगवां से बस स्टैंड, स्टेशन मार्ग से लेकर शहर के प्रमुख चौराहों तक हर दिन घंटों लंबा जाम लग रहा है। हालात यह हैं कि लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे, मरीज एंबुलेंस में फंसे हैं और लोग भीषण गर्मी में परेशान हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी अब तक मौन नजर आ रहे हैं।
सीवर लाइन और सड़क निर्माण कार्यों के चलते कई मुख्य मार्गों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित है। जगह-जगह खुदी सड़कें, अधूरे निर्माण कार्य और बिना किसी वैकल्पिक ट्रैफिक व्यवस्था के शहर की रफ्तार थम गई है। सबसे बड़ी बात यह है कि ट्रैफिक डायवर्ट करने अथवा नागरिकों को पहले से सूचना देने जैसी कोई ठोस व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही।
कटनी साउथ रेलवे स्टेशन, मुड़वारा स्टेशन मार्ग और बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाकों में रोजाना हजारों लोग जाम में फंसकर परेशान हो रहे हैं। व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है तो वहीं नौकरीपेशा लोग समय पर कार्यालय नहीं पहुंच पा रहे।
शहरवासियों का सवाल है कि आखिर कब खुलेगा कटनी का जाम? क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस और जिम्मेदार विभागों की चुप्पी अब लोगों के गुस्से का कारण बनती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्यों को व्यवस्थित तरीके से कराया जाए, वैकल्पिक मार्ग तय किए जाएं और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि शहरवासियों को रोजाना जाम की इस समस्या से राहत मिल सके।