राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे 206 आवेदकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, सहायक कलेक्टर श्लोक वाइकर, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल एवं एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी उपस्थित रहे।
रीठी तहसील की सुशीला बाई यादव ने लाड़ली बहना योजना की राशि बंद होने की शिकायत करते हुए पोर्टल पर गलत आयु दर्ज होने की जानकारी दी, जिस पर महिला एवं बाल विकास विभाग को सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं मोहास निवासी धन्नू गडारी ने बिजली बिल में अचानक बढ़ोतरी की शिकायत दर्ज कराई। उनका सामान्य बिल 100 रुपये आने के बजाय अप्रैल माह में 2586 रुपये पहुंच गया। मामले में विद्युत विभाग को जांच कर बिल सुधारने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा स्लीमनाबाद तहसील के उत्तमपुर निवासी गोविंद प्रसाद ने भूमि सीमांकन नहीं होने की शिकायत की, जबकि सनद कुमार नायक ने संबल योजना अंतर्गत अंत्येष्टि सहायता राशि नहीं मिलने की समस्या रखी। दोनों मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करने की बात कही।