राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर में लगातार बिगड़ रही यातायात व्यवस्था और जाम की समस्या को लेकर पुलिस प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बुधवार को शहर के सबसे अधिक यातायात प्रभावित क्षेत्रों बरगवां, मिशन चौक और चंडाक चौक का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बीती शाम लगे भीषण जाम के कारणों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जांच में सामने आया कि सीवर लाइन निर्माण कार्य के चलते कई मार्ग वन-वे हो गए हैं, जिससे यातायात का दबाव बढ़ा और शहरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने नव नियुक्त यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह को यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
एसपी ने निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त बैरिकेडिंग, दिशा सूचक संकेतक और लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके। इसके साथ ही पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती कर यातायात को नियंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए।
समस्या के स्थायी समाधान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आकस्मिक बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी, नगर निगम कमिश्नर तपस्या परिहार और सीवर लाइन निर्माण एजेंसी के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आमजनहित को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था सुधारने और निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
बैठक के बाद संबंधित क्षेत्रों में तत्काल बैरिकेड्स और सांकेतिक चिन्ह लगाए गए तथा यातायात पुलिस ने मुस्तैदी के साथ मोर्चा संभाला। प्रशासनिक प्रयासों का असर यह रहा कि बाद में यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रही और जाम की स्थिति निर्मित नहीं हुई।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह, सूबेदार सोनम उइके, उप निरीक्षक सुदामा प्रसाद, एएसआई ईश्वर बागरी सहित यातायात पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।