राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले की कानून व्यवस्था और यातायात संचालन को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जारी आदेश के तहत निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर को यातायात थाना प्रभारी तथा निरीक्षक राहुल पांडे को पुलिस कंट्रोल रूम का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर अब शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने, सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी पालन और प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रण की जिम्मेदारी संभालेंगे। लगातार बढ़ते जाम और अव्यवस्थित ट्रैफिक को देखते हुए विभाग का यह फैसला काफी अहम माना जा रहा है। आमजन को उम्मीद है कि नए प्रभारी के नेतृत्व में शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा।
वहीं निरीक्षक राहुल पांडे को कंट्रोल रूम प्रभारी बनाए जाने के बाद अब वे जिलेभर से आने वाली आपात सूचनाओं के समन्वय, पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम की मॉनिटरिंग और त्वरित कार्रवाई व्यवस्था को मजबूत करने का कार्य संभालेंगे। पुलिस विभाग को भरोसा है कि उनके अनुभव और कार्यशैली से कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी बनेगी।
पुलिस विभाग के इस प्रशासनिक बदलाव को बेहतर पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई और आम नागरिकों को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।