राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर के लिए गर्व की खबर सामने आई है। पश्चिम मध्य रेलवे के आधिकारिक आदेश के अनुसार अब “कटनी साउथ रेलवे स्टेशन” को नया दर्जा देते हुए इसका नाम “कटनी साउथ जंक्शन” कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन के इस फैसले के बाद कटनी की रेल पहचान को नई मजबूती मिली है।
बताया जा रहा है कि नई रेल लाइन, कॉर्ड लाइन और बायपास लाइन के संचालन एवं रेल नेटवर्क के विस्तार को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि स्टेशन के नाम के साथ अब “जंक्शन” शब्द जोड़ा जाएगा, हालांकि स्टेशन का कोड पहले जैसा ही रहेगा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, कटनी साउथ स्टेशन अब कई महत्वपूर्ण रेल मार्गों को जोड़ने वाला प्रमुख केंद्र बन चुका है, जिसके चलते इसे जंक्शन का दर्जा दिया गया है। इसी क्रम में “कटनी मुड़वारा जंक्शन” सहित पश्चिम मध्य रेलवे के अन्य स्टेशनों को भी जंक्शन की श्रेणी में शामिल किया गया है।
रेलवे के इस फैसले से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और रेल यात्रियों में उत्साह का माहौल है। लोगों का कहना है कि इससे कटनी की पहचान राष्ट्रीय रेल मानचित्र पर और अधिक मजबूत होगी।
रेलवे प्रशासन ने संबंधित विभागों को स्टेशन बोर्ड, दस्तावेज, रिकॉर्ड एवं अन्य आवश्यक स्थानों पर नाम परिवर्तन संबंधी संशोधन करने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं।