राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
रविवार की सुबह शहर ने एक अलग ही तस्वीर पेश की। गर्ग चौराहा से कारगिल चौक तक सड़कें वाहनों के शोर से नहीं, बल्कि उत्साह, ऊर्जा और स्वच्छता के नारों से गूंज उठीं। अवसर था ‘राहगीरी डे 2026’ के सातवें संस्करण का, जहां हर आयु वर्ग के लोगों ने भाग लेकर यह संदेश दिया कि स्वच्छता सिर्फ अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का महोत्सव है।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार, एमआईसी सदस्य जयनारायण निषाद, सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद मौसुफ अहमद बिट्टू, परवीन बिट्टू, रेखा संजय तिवारी, गोविंद चावला, शकुंतला सोनी, पूर्व पार्षद ऋचा गेलानी, रचना गुप्ता सहित चिकित्सक, उद्योगपति, समाजसेवी संगठन, विद्यार्थी, शिक्षक, युवा, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
जब सड़क बनी उत्सव का मंच
राहगीरी डे के दौरान शहर की सड़कों पर रंग-बिरंगी गतिविधियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कहीं योग और जुंबा के जरिए स्वास्थ्य का संदेश दिया गया, तो कहीं स्केटिंग और साइकिलिंग के माध्यम से फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाई गई। रंगोली, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
रसकला संगीत विद्यालय की नन्हीं बच्चियों की प्रस्तुति और मैजिक शो ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं सेल्फी पॉइंट पर लोगों ने यादगार तस्वीरें लेकर आयोजन को खास बनाया।
स्वच्छता बना जनआंदोलन
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में कटनी को अव्वल स्थान दिलाने के लिए नागरिकों को जागरूक करना रहा। ‘फोर बिन प्रेजेंटेशन’ के माध्यम से कचरा पृथक्करण की जानकारी दी गई, जबकि ‘प्लास्टिक को ना’ अभियान के जरिए सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता फैलाई गई।
हस्ताक्षर अभियान में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वच्छता की शपथ ली। क्यूआर कोड स्कैन कर लोगों ने स्वच्छता फीडबैक भी दिया। इसके साथ ही इको ब्रिक्स, अनुपयोगी सामग्री से तैयार कलाकृतियों और रेन वाटर हार्वेस्टिंग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित किया गया।
“स्वच्छता आदत बदलने का आंदोलन”
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि राहगीरी डे ने यह साबित कर दिया है कि जब जनता स्वयं आगे आती है, तब शहर बदलने लगता है। स्वच्छ सर्वेक्षण केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आदतों में बदलाव का अभियान है और इसके असली नायक शहरवासी हैं।
जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने भी नगर निगम द्वारा स्वच्छता को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को तुलसी के पौधे भेंट कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस दौरान नगर निगम उपायुक्त शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री असित खरे, अंशुमान सिंह, स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी आदेश जैन, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर सहित बड़ी संख्या में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग उपस्थित रहे।