गोंदिया जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एलसीबी की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस ने नेशनल हाईवे पर गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए लाखों रुपये का माल जब्त किया है। गोरख भामरे पुलिस अधीक्षक गोंदिया के निर्देश पर एलसीबी टीम ने दुग्गीपार थाना क्षेत्र में जाल बिछाकर यह कार्रवाई की। रायपुर से नागपुर की ओर जा रही एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन तेज रफ्तार से भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर कार को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार के अंदर प्लास्टिक की बोरियों में छुपाकर रखा गया 28 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत लगभग 28 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की गई चार पहिया वाहन और दो मोबाइल फोन सहित कुल 45 लाख 30 हजार रुपये का मुद्देमाल पुलिस ने जब्त किया है।इस मामले में राजस्थान के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। एलसीबी गोंदिया और दुग्गीपार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।
संवाददाता
तामेश्वर पंधरे संभाग ब्यूरो चीफ नागपुर